नगरीय निकाय चनावों में दिखेगी एकजुटता

भोपाल.  अपने लोकार्पण के समय स्थानीय नेताओं के शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बना भाजपा का भोपाल कार्यालय प्रदेश नेतृत्व की मंशा के अनुरूप जिले के पॉवर सेंटर के रूप में सामने आया है, जब जिले के सारे दिग्गज एक साथ जिला कार्यालय पहुंचे। साथ ही नगरीय निकाय चुनाव एकजुटता के साथ लडऩे की इच्छा शक्ति जताई। पहली बार बने इस नजारे के साक्षी बनते हुए सभी नेताओं ने नगरीय निकाय चुनावों के पहले 8 फरवरी से शुरू हो रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य पूरी ताकत और एकजुटता करने पर जोर दिया। असल में लोकार्पण समारोह में प्रदेशाध्यक्ष विष्णदत शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संगठन के तमाम नेताओंने अपेक्षा जताई थी कि यह नवनिर्मित कार्यालय जिले के पॉवर सेंटर के रूप में उभरना चाहिए। प्रदेश नेतृत्व की यह मंशा कल शाम साकार हो गई, जब जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी के बुलावे पर प्रोटेम स्पोकर रामेश्वर शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, विधायक कृष्णा गौर और भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, नगरीय निकाय चुनाव के लिए बनी समिति के संयोजक पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह व चुनाव संचालन समिति के सदस्य शशांक श्रीवास्तव चुनाव की तैयारी के लिए जिला कार्यालय पहुंचे। सभी ने निकाय चुनाव एकजुटता के साथ लडऩे पर जोर दिया। साथ ही हर वार्ड में मतदाता सूची में सुधार के कार्य एकजुटता से करने का निर्णय लिया। यह कार्य आठ से 15 फरवरी तक चलेगा। जिलाध्यक्ष पचौरी का कहना है कि भाजपा में हर कार्य परिवार भाव से चलता है। परिवार भाव से ही एकजुटता के साथ चुनाव में उतरेंगे। सभी वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में इस बात पर जोर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पहल पर मतदाता सूची में जो नाम काट दिए गए और फर्जी नाम जुड़वा दिए गए। अब हम सब अभियान के तहत वार्डवार फर्जी नाम कटवा कर पात्र मतदाताओं के नाम कराएंगे।