दो दिनी प्रशिक्षण कल से, प्रदेश प्रभारी भी होंगे शामिल

महाकाल की नगरी में संगठन का मंत्र रटेंगे बीजेपी के विधायक



भोपाल. सत्ता में आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक अब संगठन और कार्यकर्ताओं को अनदेखा नहीं कर सकेंगे। पार्टी कल से महाकाल की नगरी उज्जैन में अपने सभी विधायकों को कल से दो दिन तक संगठन का पाठ पढ़ाएगी। इस दो दिनी ट्रेनिंग कैंप में भाजपा न केवल सरकार और संगठन से समन्वय करना अपने विधायकों को सिखाएगी, बल्कि एक आदर्श विधायक का कार्यालय, उसकी संगठन के प्रति जिम्मेदारी और हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता से तालमेल बैठाते हुए क्षेत्र में सहभागिता से विकास का मंत्र भी दिया जाएगा। विधायकों के इस प्रशिक्षण के लिए प्रदेश के प्रभारी महासचिव मुरलीधर राव और प्रभारी सचिव पंकजा मुंडे भी उज्जैन पहुंच रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कल सुबह उद्घाटन सत्र में शामिल रहेंगे। मंडल स्तरीय वर्ग के बाद भाजपा जिलाध्यक्षों और प्रदेश महामंत्रियों का प्रशिक्षण वर्ग भी आयोजित कर चुकी है। नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब प्रदेश संगठन ने विधायकों के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया है। इन दो दिनों में कुल आठ सत्र होंगे। पहले सत्र में जहां प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। वहीं दूसरा सत्र उद्घाटन का होगा। दोनों दिन चार-चार सत्र रखे गए हैं। पहले यह प्रशिक्षण पचमढ़ी में होना था, लेकिन बाद में इसका स्थान बदलकर उज्जैन तय किया गया। सूत्रों की मानें तो विधायकों द्वारा कार्यकर्ताओं को तवज्जो न देने एवं संगठन के कार्य को लगातार अनदेखा करने की शिकायतें बनी रहती हैं। इसके अलावा कई बार सदन में ही विधायक अपनी सरकार की परेशानी बढ़ा देते हैं। विधायकों के व्यवहार के कारण कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच समन्वय न रहने की शिकायतें बनी रहती हैं। ऐसी शिकायतों के मद्देनजर संगठन ने यह प्रशिक्षण रखा है। इसमें न केवल जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य बनाने का मंत्र दिया जाएगा। साथ ही पार्टी की रीतिनीति भी विधायकों को समझाई जाएगी।

आठ सत्रों में मिलेगी छह विषयों पर ट्रेनिंग

विधानसभा में विधायक की सदन में भूमिका, विधायकों के अधिकार, आपसी समन्वय, समय का प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन, पर्सनाल्टी डेवलपमेंट। वहीं सोशल मीडिया को लेकर भी इस शिविर में चर्चा की जाएगी। भाजपा की रीति-नीति, अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी पर भी विधायकों को संगठन की ओर से सीख दी जाएगी।

क्षेत्र के विकास में संगठन की भूमिका

विधायकों को संगठन का ककहरा सिखाते हुए जनता से जुड़े कार्यों में भाजपा कार्यकर्ताओं की सहभागिता पर भी चर्चा की जाएगी। ताकि सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों से संगठन को भी जोड़ा जा सके। इसके लिए विधायकों को संगठन की लाइन देते हुए अगले विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए कार्यक्रम दिए जाएंगे।