पंजाब निकाय चुनाव में कांग्रेस सबसे आगे, अकाली दल दूसरे और आप तीसरे नंबर पर

चंडीगढ़. पंजाब में नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। बनूड़ की 13 में से 12 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। एक सीट अकाली दल के खाते में गई है। होशियारपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता तीक्ष्ण सूद को बड़ा झटका लगा है। उनकी पत्नी राकेश सूद 5 नंबर वार्ड से हार गई हैं प्रदेश में कांग्रेस सबसे आगे उसके पीछे 100 से ज्यादा सीटों पर अकाली प्रत्याशी दूसरे और आम आदमी पार्टी फिलहाल तीसरे नंबर पर है। मजीठा की 13 एमसी सीटों में से 10 पर अकाली दल का कब्जा हो चुका है। होशियारपुर में अब तक 40 सीटों के नतीजे प्राप्त हुए हैं जिनमें से 30 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। आप ने भी खाता खोल लिया है। सुनाम में आम आदमी पार्टी को अभी तक एक भी सीट नहीं मिली है। 17 वार्ड में से 13 पर कांग्रेस और 4 पर आजाद उम्मीदवार का कब्जा हुआ है नगर निगम अबोहर में भी कांग्रेस अंचल है। वार्ड नंबर एक से 28 और 35 से 42 तक कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी हुए हैं। अन्य पार्टियों का अभी तक परिणामों में सूपड़ा साफ हो गया है। राजपुरा में भी कांग्रेस का दबदबा है। 27 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है। भाजपा दो, आप और शिअद के खाते में एक-एक सीट आई है। रायकोट के आम आदमी पार्टी विधायक ने कांग्रेस पर ईवीएम में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। एसडीएम डॉ. हिमांशु गुप्ता से शिकायत की गई है। जीरकपुर में वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस की शिवानी जीत गई है। फाजिल्का में भी कांग्रेस अव्वल है। सभी नौ वार्डों पर पार्टी को जीत मिली है। शिरोमणि अकाली दल को यहां तगड़ा झटका लगा है। उसके खाते में कोई सीट नहीं आई है। वहीं भाजपा दो और आप एक वार्ड में जीती है। रायकोट के सभी 15 वार्ड से कांग्रेस जीत गई है। रायकोट नगर काउंसिल पर पहली बार कांग्रेस ने परचम लहराया। जलालाबाद में 17 वार्डों में से 9वार्डों में कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। नंगल, लोहियां और नूरमहल में कांग्रेस का पूरा दबदबा कायम हो गया है। नंगल में 15 सीटों पर कांग्रेस, दो सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर आजाद प्रत्याशी अभी तक विजयी हुए हैं। लोहियां में भी 9 सीटों पर कांग्रेस 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। नूरमहल में सभी राजनीतिक दलों को पीछे करते हुए 12 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।