भोपाल में मतदाता सूची लेकर घर-घर पहुंचेंगे दावेदार, भाजपा ने प्रभारियों को बनाया पॉवरफुल, कांग्रेस भी रायशुमारी में जुटी

भोपाल. नगरीय निकाय चुनावों को लेकर प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियां तेज होते ही राजनीतिक दलों की गति भी बढ़ गई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के साथ ही कांग्रेस ने भी प्रदेश भर में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। साथ ही दोनों दलों में मैराथन बैठकों के दौर तेज हो गए हैं। भाजपा ने प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक अपनी रणनीति बनाते हुए कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी सोशल और संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाते हुए प्रभारियों के दौरे बढ़ा दिए हैं। सूत्रों की मानें तो नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा इसी माह के अंत तक हो सकती है। चुनावों की तैयारियों के बीच प्रदेश भर में मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम शुरू कर दिया है। भाजपा ने भी मतदाता सूची को आधार बनाकर अपनी टीमों को मैदान में उतार दिया है। पार्टी की प्रदेश स्तरीय चुनाव संचालन समिति ने दावेदारों की ताकत परखने की जिम्मेदारी अपने प्रभारियों को सौंपी है। प्रभारी जिलों में जाकर दावेदारों की रिपोर्ट तैयार कर संचालन समिति को सौंपेंगे। यह काम भी इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। जल्द ही सभी प्रभारी अपने प्रभार के जिलों में पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारी भी अपने लगातार दौरों में प्रत्येक निकाय में रायशुमारी की कमान संभालेंगे। एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए सभी दावेदारों से चर्चा करेंगे। ताकि किसी भी स्थिति में भितरघात की नौबत कहीं भी न बन सके। वहीं जिलाध्यक्षों से भी जल्द ही प्रत्येक निकाय के सभी दावेदारों की रिपोर्ट मांगी जाएगी।

भोपाल में सात घंटे चली बैठक, वोटर लिस्ट में सुधार पर जोर

भोपाल जिले के लिए प्रभारी बनाए गए करनी नगर निगम के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव की मौजूदगी में कल शाम आयोजित की गई बैठक लगातार सात घंटे चली। विधानसभावार आयोजित की गई इन बैठकों में पार्षद पद के दावेदारों ने खासा उत्साह दिखाया। जिलाध्यक्ष समित पारी ने सभी मंडलों को बूथ स्तर पर तत्काल पहुंचने के लिए कहा है। इसके लिए मतदाता सूची में सुधार की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्षपचौरी ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट लेकर प्रत्येक घर में दस्तक दें। मतदाता सूची में जो फर्जी नाम पिछले दिनों कांग्रेस नेताओं ने जड़वा दिए थे, उन्हें कटवाएं और भाजपा समर्थित जिन मतदाताओं के नाम कटवा दिए गए वे उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराएं। यह काम सभी को समर्पण भाव से करना है। ताकि जिन लोगों के पते बदल गए है या दिवंगत हो चुके हैं, ऐसे सभी नाम कट जाएं। बैठक में सभी मंडलों से बूथ प्रभारी, वार्ड पालकों को भी बुलाया गया था। प्रभारी की उपस्थिति में हुई इस बैठक में दावेदार बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। वही महापौर पद की महिला दावेदारों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

कांग्रेस ने बनाया ऐप, नियुक्तियां शुरू

वहीं कांग्रेस भी पूरे जोश और उत्साह के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इस बार कांग्रेस ने सोशल मीडिया को चुनाव मैदान में अपनी ताकत बनाने का फैसला किया है। इसके चलते ऐप लाँच करते ही पार्टी की आईटी विंग में नियुक्तियों का दौरा शुरू हो गया है। प्रदेश भर में भाजपा करीब 60 हजार लोगों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जोड़ेगी। इन सभी को पद और जिमेदारी देकर पार्टी की रीति-नीति से जोड़ा जाएगा। दूसरी ओर मैदानी तैयारियों को गति देने के लिए प्रदेश संगठन के प्रभारी सचिव, पर्यवेक्षकों व प्रभारियों ने दौरे शुरू कर दिए हैं। भोपाल में भी आज जिले की बैठक रखी गई है। इसमें भोपाल के प्रभारी पूर्व मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया तथा सह प्रभारी शारदा पाठक सभी दावेदारों की बैठक लेंगे। साथ ही वार्ड स्तर पर भी रायशुमारी कर पैनल तैयार कराएंगे।