राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने एक लाख तो सांसद ने दिया 1.11 लाख रुपए का चेक



भोपाल.
राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से शुरू कर दिया गया है। 10 रुपए से लेकर 2000 रुपए तक के कूपन जारी हुए हैं, जबकि 20 हजार रुपए तक का सहयोग नगद और इससे अधिक राशि चेक के जरिए ली जा रही है। यह अभियान करीब डेढ़ महीने तक चलेगा और इसके तहत देश भर में करीब 13 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। धन संग्रह अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री निवास से हुई है, जिसमें राम मंदिर निर्माण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपए का चेक भेंट किया तो भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने सांसद के तौर पर 1.11 लाख रुपए और भारत भक्ति अखाड़े की ओर से 11 लाख 11 हजार एक सौ 11 रुपए का चेक धन संग्रह अभियान के सदस्यों को सौंपा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रहण अभियान के तहत एक लाख रुपए की सहयोग राशि का चेक प्रदान किया। आज सुबह मुख्यमंत्री निवास में निधि संग्रहण अभियान के लिए भोपाल का दायित्व निर्वहन कर रहे पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से भेंट की।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मेरी जिंदगी का बहुत ही अच्छा दिन है कि मुझे यह सौभाग्य प्राप्त हो रहा है कि राम मंदिर निर्माण में हमारे परिवार का भी कुछ हिस्सा लग रहा है। राम मंदिर निर्माण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह राम मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि राष्ट्र मंदिर निर्माण हो रहा है। धन संग्रह अभियान के सदस्यों ने 74 बंगले में सांसद प्रज्ञा ठाकुर से भी भेंट की। राम मोदर निर्माण के लिए भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने वेतन से एक लाख 11 हजार एक सौ 11 रुपए दिए। इसके अलावा भारत भक्ति अखाड़े की संस्थापक होने के नाते अखाड़े की तरफ से 11 लाख 11 हजार एक सौ 11 रुपए सहायता राशि दी। सांसद प्रज्ञा ठाकुर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी पूर्ण चेतनानंद अवधेशानंद गिरी अखाड़े की संस्थापक हैं।
    मुख्यमंत्री और सांसद से भेंट करने वालों में विनायक राव देशपांडे राष्ट्रीय संगठन मंत्री विश्व हिंदू परिषद, अशोक पांडे संघचालक मध्य प्रांत, राजेश तिवारी क्षेत्र मंत्री विश्व हिंदू परिषद, खगेंद भार्गव प्रांत संगठन मंत्री परिषद, पीताम्बर जू राज देव प्रमुख निधि संग्रह अभियान, सुशील प्रांत संयोजक बजरंगदल, बृजेश अभियान प्रभारी मौजूद थे।