मंत्रिमंडल के बाद अब संगठन विस्तार पर नजर

टीम वीडी का इंतजार बटा उल्टी गिनता शरू



भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में दो पुराने सदस्यों को एक बार मौका मिलते ही अब सब की निगाहें संगठन पर टिक गई हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की टीम को लेकर भी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मंत्रीमंडल विस्तार के साथ ही प्रदेशाध्यक्ष विष्णु शर्मा 'घर भर के बदल डालूंगाÓ की तर्ज पर अपनी टीम बनाने में लंबे समय से जुटे हैं। अब मलमास की बंदिश को दर किनार करते हुए प्रदेशाध्यक्ष शर्मा अपनी टीम और कार्य समिति की घोषणा आज-कल में ही करने का मन बना चुके हैं। बीजेपी कार्य समिति के साथ मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की घोषणा भी तय बताई जा रही है।

    सूत्रों के मुताबिक प्रदेशाध्यक्ष शर्मा अपनी टीम को अब और रोकने के पक्ष में नहीं है। वे मलमास खत्म होने का भी इंतजार नहीं करना चाहते। वैसे भी वे अपनी टीम की शुरुआत पांच महामंत्रियों के जरिए एक सितंबर को ही कर चके हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि एक जनवरी को बाकी टीम घोषित की जा सकती है। मगर यह शुभ अवसर भी संगठन के हाथ से निकल गया। अब प्रदेशाध्यक्ष शर्मा खुद ही संक्रांति को बहुत दूर मान रहे हैं। कल प्रदेशाध्यक्ष शर्मा द्वारा अपने निवास पर नए साल के स्वागत में दिए गए भोज के आयोजन को भी कार्यकारिणी की घोषणा से जोड़कर देखा जा रहा था। मगर यह आयोजन भी बिना टीम के ही हो गया। अब प्रदेशाध्यक्ष शर्मा एक-दो दिन में टीम घोषित होने का दावा कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो छह साल बाद नई टीम बनने से प्रदेशाध्यक्ष की टीम में बदलाव भी बड़े स्तर पर होंगे। वैसे भी पुरानी टीम के दस उपाध्यक्ष में से दो को मंत्रिमंडल में शामिल बताया है तो रामेश्वर शर्मा प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कार्यकारिणी में इनके अलावा चार लंबे समय से उपाध्यक्ष के पद पर हैं। ऐसे में उपाध्यक्ष पद पर भी महामंत्री की तर्ज पर ही बदलाव तय माना जा रहा है। यही स्थिति मंत्री पद को लेकर भी है। पुरानी टीम के दो मंत्रियों को पहले ही महामंत्री बनाया जा चुका है तो एक फिलहाल मत्रिमंडल में शामिल है। इनकी संपत्तियां उइके को पार्टी राज्यसभा में भेज चुकी है। ऐसे में अधिकांश को पदों पर नए चेहरे ही नजर आएंगे। इनके अलावा कार्यालय और मीडिया से जुड़े कार्यों में भी नए चेहरे नजर आएंगे। 

प्रदेश प्रभारी का कैलेंडर पहले महीने में ही बिगड़ा

    हाल ही में प्रदेश भाजपा के प्रभारी बने राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव द्वारा तय किया गया पहला कैलेंडर ही बिगड़ गया है। जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण में सीहोर पहुंचे प्रदेश प्रभारी ने मीडिया से चर्चा में बताया था कि मंत्रिमंडल विस्तार और प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा नए साल में ही कर दी जाएगी। श्री राव के मुताबिक पहली किस्त में प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की जाना थी, जबकि मंत्रिमंडल विस्तार दूसरी किस्त में शामिल था। मगर अचानक क्रम बदल कर सरकार ने बाजी मार ली और संगठन पिछड़ गया। वहीं प्रदेश प्रभारी द्वारा लंबित टीम वीडी की घोषणा के लिए तय की गई अवधि भी अब निशाने पर आ गई है। यदि आजकल में ही टीम की घोषणा नहीं होती है तो प्रदेश प्रभारी की दूसरी बात भी गलत साबित हो जाएगी।