भोपाल में मेयर के लिए कांग्रेस में सामने आया विभा पटेल का चेहरा



भोपाल. भोपाल महापौर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के बाद अब राजनीतिक सरगर्मियां जोर पकड़ने लगी है। भाजपा में दावेदारों की कतार है तो कांग्रेस में पूर्व महापौर विभा पटेल का नाम एक बार फिर राजनीतिक हवाओं में तैर रहा है। पूर्व में महापौर रह चुकी श्रीमती विभा के कार्यकाल को उस समय के सुविधा संसाधनों के हिसाब से संतोषजनक माना जाता है। राजनीति से परे रहकर शहर में विकास के कई अहम कार्य उनके खाते में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में भोपाल को नई शक्ल देने की कोशिश की और इसके लिए जनभागीदारी योजना से शहर में विकास और सौन्दर्यीकरण के कई कार्य हुए। एमपी नगर में विकास का रोडमैप खारिज करते हुए लोन की राशि लौटाई, ताकि भोपाल को नर्मदा जल मिल सके। शहर को साफ और स्वच्छ रखने के लिए बाजारों की में रात्रिकालीन सफाई, विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं का स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण तथा सदर मंजिल में नियमित रूप से बैठकर जनसमस्याओं का समाधान उनकी पहचान रही है। वार्डों में ज्यादा से ज्यादा विकास कार्य किए जा सकें इसके लिए पार्षदों को अधिक अधिकार दिए जाने कार्य उनके द्वारा किए गए। शहर में फिलहाल उत्तर, मध्य और दक्षिण-पश्चिम में कांग्रेस के विधायक हैं, ओबीसी महिला वर्ग से महापौर पद का प्रत्याशी पार्टी तय करेगी, लेकिन फिलहाल भोपाल में महापौर का पद ओबीसी महिला आरक्षित होने के बाद से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व महापौर विभा पटेल का नाम चर्चाओं में तैरने लगा है।