जबलपुर. कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने मीडिया से बात की और वर्तमान चर्चित मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने किसान आंदोलन, कोरोना संक्रमण, लव जिहाद, बेरोजगारी व कांग्रेस के रिवाइवल समेत कई मुद्दों पर केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार और भारतीय जनता पार्टी किसानों के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दुष्प्रचार कर रही है। किसानों के मूल मुद्दों को दरकिनार कर कहीं उन्हें खालिस्तान समर्थक, माओवादी, देशद्रोही कह रही है। जबकि ऐसा नहीं है, दिल्ली में जो किसान आंदोलन चल रहा है उसमें ना केवल पंजाब के, बल्कि पूरे देश के किसान शामिल हैं। मध्यप्रदेश के किसान नेता भी इस आंदोलन में शामिल हैं। किसान नेता शिवकुमार शर्मा ककाजी का नाम तो उस सूची में भी शामिल था, जिन किसानों को केंद्र सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया था विवेक तन्खा का कहना है कि केंद्र सरकार ने किसान विरोधी काूनन कॉर्पोरेट सेक्टर के लोगों को खुश करने के लिए बनाया है। किसानों का हक मारा जा रहा है। लिहाजा किसान दुखी है और सड़कों पर है। मोदी सरकार को इन कानूनों में परिवर्तन की इतनी जल्दबाजी क्यों थी कि इन पर किसी सदन में बहस नहीं होने दी। यदि सदन में बहस के बाद काूनन बनाए जाते तो शायद इतना विरोध नहीं होता। केंद्र सरकार कॉर्पोरेट जगत को खुश करने के लिए इन कानूनों को बनाए रखना चाहती है।
विवेक तन्खा का आरोप है कि केंद्र और राज्य की बीजेपी जनता के साथ धोखा कर रही हैं। लोग कोरोना वायरस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। आए दिन कई लोग जान गवां रहे हैं। स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चौपाट हैं। सरकार को जरूरत है कि वो सुविधाएं मुहैया करवाए। लेकिन शासित राज्यों की सरकारें लोगों का भटकाने के लिए लव जिहाद के काूनन पर बहस कर रही हैं, जबकि यह बेहद व्यक्तिगत मामला है। विवेक तंखा ने कहा कि शादी एक निजी मामला है। महिला को किसके साथ शादी करनी है, यह उसका अधिकार होना चाहिए लव जिहाद के कानून से महिला के इस अधिकार का हनन होगा। जो महिलाओं का सशक्तिकरण करने की बजाय उन्हें कमजोर करेगा।
देश में बेरोजगारी है, भुखमरी है, कोरोना संकट विकराल रूप लिए सामने खड़ा है और सरकार लव जिहाद जैसे मुद्दे लाकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। विवेक तन्खा ने कहा कि देश में प्रजातंत्र बनाए रखने के लिए मजबूत विपक्ष का होना जरूरी है। इसलिए कांग्रेस का रिवाइवल होगा। हम मजबूत विपक्ष की भूमिका में रहेंगे। अभी कोविड की वजह से संगठन के चुनाव नहीं हो पाए थे। जल्द ही चुनाव भी संपन्न होंगे। कांग्रेस में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।