महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बोले कमलनाथ भाजपा सरकार ने किसानों के नाम पर किया करोड़ों का घोटाला

भोपाल। प्रदेश सरकार अपना एक और वचन पूरा करने जा रही है। कांगे्रस की कमलनाथ सरकार योगी सरकार की तर्ज पर प्रदेश में गौशालाएं खोलने जा रही है। सरकार ने फैसला किया है कि अगले चार माह में मध्यप्रदेश सरकार एक हजार गौशाला बनवाएगी। इसमें एक लाख निराश्रित गो-वंश की देख-रेख होगी और 40 लाख मानव दिवसेां का निर्माण होगा। इसके लिए अधिकारियों को प्रोजेक्ट गो-शाला को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में किसानों के नाम पर हआ बड़ा फर्जीवाड़ा, फर्जी प्रकरण बनाकर लोन लेने के मामले में बड़ा घोटाला 2000 करोड़ से ज्यादा का हो सकता है। यह बात मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मिंटो हॉल परिसर में गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलकर प्रदेश को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मुझसे 3-4 किसान भाई मिले हैं। कोई बता रहा है कि हमने कर्ज नहीं लिया है, फिर भी हमारा नाम बकायादारों की सूची में जोड़ दिया गया है। इससे समझ में आ रहा है कि पिछली सरकार ने किसानों के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया है, इसकी शिकायतें मिल रही हैं, दोषी बैंक प्रबंधकों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी शासन में हुआ है यह बड़ा घोटाला। भाजपा को चुनाव के पहले राममदिर की याद आती है। उन्होंने पिछली बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि किसानों के नाम पर शिवराज सरकार ने बड़ा घोटाला किया। मुझे दुख है कि पिछले 15 साल में शिवराज सरकार ने नहीं बनाई एक भी गोशाला और वह बड़े गो रक्षक बनते हैं। प्रदेश की कांगे्रस सरकार ने अब 4 महीने में 1000 गौशाला बनाने का लक्ष्य बनाया है। वहीं युवा स्वाभिमान स्वरोजगार योजना को जल्द कैबिनेट में किया जाएगा पेश। मिंटो हॉल परिसर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा, प्रदेश कांगे्रस मीडिया प्रभारी शोभा ओझा, जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, गोविंद गोयल, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, पूर्व महापौर विभा पटेल, पार्षद संतोष कंसाना, सोनू श्रीवास्तव, युवा इंटक अध्यक्ष दीपक गुप्ता, नासिर इस्लाम सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। इधर प्रदेश कांगे्रस कार्यालय में भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं दूसरी ओर गांधी भवन में भी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। 
फर्जीवाड़ा करने वाले जाएंगे जेल : पचौरी
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने एक बयान में कहा कि किसानों के नाम पर हजारों करोड का घोटाला शिवराज सरकार में हुआ। इस मामले की जांच कमलनाथ सरकार कराएगी। जांच में फर्जीवाड़ा करने वालों के नामों का खुलासा होने के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा। श्री पचौरी ने कहा कि भाजपा ने पिछले 15 सालों में केवल वाहवाही लूटी है। प्रदेश का किसान आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रदेश की कमलनाथ सरकार अपने वचन-पत्र में किसानों से किए गए वादे को पूरा करेगी।