महाकाल की नगरी में भाजपा विधायकों की पाठशाला

 



भोपाल. भारतीय जनता पार्टी के विधायकों का दो दिनी प्रशिक्षण आज से उज्जैन में शुरू हुआ। प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश की प्रभारी सचिव पंकजा मुंडे सहित राष्ट्रीय नेताओं ने प्रशिक्षण का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम चौहान ने विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग का महत्व बताते हुए कहा कि हम जैसे कार्यकर्ता लालटेन के कांच समान हैं, कई बार कांच पर धूल जम जाती है, समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण से कांच की धूल साफ होते रहना चाहिए। इस दो दिनी प्रशिक्षण में कल शाम तक कुल सात सत्र होंगे। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों और विधायकों की एक संयुक्त बैठक भी उज्जैन में ही आयोजित की जाएगी।
    

    सत्र में प्रशिक्षण के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, थावरचंद गहलोत, प्रदेश के प्रभारी महासचिव मुरलीधर राव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रभारी सचिव विश्वेश्वर टुड्डू भी उज्जैन पहुंचेंगे। वहीं आज अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव सहित सभी मंत्री और विधायक शामिल हुए। प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने कहाकि कार्यकर्ताओं को शुद्ध और स्वच्छ करने के लिए समय समय पर प्रशिक्षण होते रहना चाहिए। हम जैसे कार्यकर्ता लालटेन का कांच हैं। कई बार कांच पर धूल जम जाती है जिससे प्रकाश दूर तक नहीं जा पाता, ऐसे में समय समय पर कांच की धूल साफ होते रहना चाहिए।

    भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहाकि भारतीय जनता पार्टी अपने जनप्रतिनिधियों का समय-समय पर प्रशिक्षण करती रहती है। वहीं सिंधिया समर्थकों के पहली बार प्रशिक्षण पर प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यहां कोई भी दूसरी विचारधारा का नहीं है सभी बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रशिक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि हम किस विधा में हैं उसका हमें पूर्ण ज्ञान होना आवश्यक है और अगर हम अपने आप को अपूर्ण पाते हैं तो प्रशिक्षण आवश्यक है। सिंधिया समर्थक विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पर बोले जो जल गंगाजी में मिल जाता है वह गंगाजल हो जाता है।