अहमद भाई अलविदा...

कांग्रेस के स्तंभ कोरोना से थे पीड़ित प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक



नई दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात से राज्य सभा सांसद अहमद पटेल का बुधवार तड़के निधन हो गया। वे 71 साल के थे। अहमद .. पटेल के बेटे फैसल ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया है कि वे कोरोना से संक्रमित थे और गुरुग्राम के एक अस्पताल में पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था। अहमद पटेल के बेटे फैसल ने बताया कि राज्य सभा सांसद ने तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष भी थे। वे एक अक्टूबर को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद उन्हें 15 नवंबर को गुरुग्राम के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। कोरोना संक्रमित होने के बाद एक अक्टूबर को अहमद पटेल ने ट्वीट कर उनके संपर्क में आए अन्य लोगों को भी टेस्ट कराने की सलाह दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे इस खबर से बहुत दुखी हैं। उन्होंने ट्वीट किया,अहमद पटेल ने अपने जीवन के कई साल समाज की सेवा में लगाए। वे अपने कुशाग्र बुद्धि के लिए जाने जाते थे। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। मैंने उनके बेटे फैसल से बात की है और अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की है। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ये एक दुखद दिन है। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी की बुनियाद थे। उन्होंने कांग्रेस को जिया और पार्टी के बेहद मुश्किल समय में भी इसके साथ खड़े रहे। हमें हमेशा उनकी याद आएगी। मेरा प्रेम और मेरी शोक संवेदना फैसल, मुमताज और उनके परिवार के साथ है। प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, अहमद जी न केवल एक बुद्धिमान और अनुभवी साथी थे, जिनसे मैं हमेशा सलाह लेती और चर्चा करती थी बल्कि वो एक दोस्त भी थे, जो हमेशा हमारे साथ खड़े रहे। वे बड़ा खाली स्थान छोड़ कर जा रहे हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।


कमल नाथ ने जताया दुख


पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि मेरे बेहद करीबी मित्र वर्षों के साथी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के दुखद निधन का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनका असमय चले जाना कांग्रेस परिवार के लिये ऐसी क्षति है जो सदैव अपूर्णीय है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। 


दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर जताया दुख


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट लिखा है, अभिन्न मित्र विश्वसनीय साथी चला गया, हम दोनों सन् 77 से साथी रहे, वे लोकसभा में पहुंचे, मैं विधान सभा पहुंचा, हम सभी कांग्रेसियों के लिए वे हर राजनैतिक मर्ज की दवा थे, मुटुभाषी, व्यवहार कुशल और सदैव मुस्कुराते रहना उनकी पहचान थी।