होटल ओटू में काम करने वाली महिला की हत्या

 



इंदौर। शराब के लिए पत्नी ने सौ रुपए नहीं दिए तो पति ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फिर थाने पहुंच गया। घटना मंगलवार रात सूरज नगर की है। बताया जा रहा है कि पति छह माह से बेरोजगार था। वह अकसर शराब के लिए पत्नी से रुपए मांगता था। पत्नी जीतू सोनी के ओटू होटल में काम करती थी। होटल टूटने के बाद से वह भी बेरोजगार थी। पति पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खजराना पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्रम खेलवाल का कहना था कि नशा करने के लिए पत्नी मंजू (22) से 100 रुपए मांगे थे। उसने मना कर दिया तो मार डाला। परिजन ने बताया कि पांच साल पहले मंजू और विक्रम की शादी हुई थी। उनका दो साल का बेटा भी है। पिता गंगाधर सूर्यवंशी ने बताया कि बेटी मंजू और दामाद विक्रम के बीच आए दिन विवाद होते थे। दोनों को समझाने के लिए वह सूरज नगर गए थे। दो घंटे बाद घर लौट आए थे। रात को जब संदीप का पर्स नहीं मिला तो वह बहन के घर पर्स खोजने पहुंचा। वहां देखा कि जीजा विक्रम दहलीज पर घबराया हुआ खड़ा था। अंदर गया तो बहन के गले में गमछा लिपटा था। उसकी मौत हो चुकी थी। पास में ही दो साल बेटा सोया था।
एसआई शिवकुमार मिश्रा ने बताया कि 22 वर्षीय मंजू की पांच साल पहले विक्रम से शादी हुई थी। उनका एक दो साल का बेटा भी है। विक्रम कोई कामकाज नहीं करता। मंजू दूसरे के यहां काम कर घर का खर्च चला रही थी। विक्रम उससे नशे के लिए रुपयों की मांग करता था। रुपए नहीं देने पर विवाद कर मारपीट करता था। मंगलवार शाम को भी उसने रुपयों की मांग करते हुए मारपीट की थी। भाई संदीप पुत्र गंगाधर सूर्यवंशी ने बताया कि बहन ने मारपीट की जानकारी दी। हम उसके घर पहुंचे और उसे समझाकर वापस अपने घर लौट आए। रात 12 बजे घर पहुंचा तो पता चला कि मेरा पर्स मंजू के घर पर ही छूट गया है। इस पर मैं पर्स लेने वापस उसके घर आया तो जीजा घर के मेन गेट पर खड़ा है और काफी घबराया है। मुझे देखते ही वह वहां से भाग निकला।
टीआई ठाकुर ने बताया कि मंजू की गला घोंटकर हत्या की गई है। देर रात आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में विक्रम ने पत्नी की हत्या करना कबूल किया है। विक्रम ने बताया कि उसने नशा करने के लिए पत्नी से सौ रुपए मांगे थे, नहीं दिए तो उसे मौत के घाट उतार दिया। खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।