डागरिया पर एक और केस दर्ज

 



भगवान बसंत
इंदौर। कई टाउनशिप बसाने वाले कॉलोनाइजर अरुण डागरिया सहित चार आरोपियों पर राजेंद्र नगर पुलिस ने बुधवार को 1.30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। कई साल बीत जाने के बाद पीडि़तों को प्लॉट नहीं मिला तो वे सीधे अधिकारियों से मदद मांगने पहुंचे। मालूम हो, मंगलवार को भी डागरिया पर प्लॉट व फ्लैट धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज हो चुका है। टीआइ सुनील शर्मा ने बताया, दो महिला फरियादी की शिकायत पर आरोपी अरुण डागरिया, अतुल सुराणा व उनके कर्मचारी सुनील पाटीदार और धमेंद्र सोलंकी के खिलाफ धारा 406, 420, 467, 468, 471 के तहत केस दर्ज किया है। फरियादी ने बताया, 2015 में डागरिया व अन्य ने उन्हें पुलक सिटी में 13 प्लॉट दिखाकर 1.30 करोड़ रुपए में बिक्री का अनुबंध किया। संपूर्ण राशि देने के बाद फरियादी को पता चला कि ये प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति के नाम हैं। इस पर उन्होंने डागरिया से अनुबंध के तहत दी गई राशि मांगी। लेकिन, अब तक चक्कर काट रहे हैं, न रुपए मिले और न प्लॉट।