अब जिलों में जाकर जिताऊ चेहरे ढूंढेगी टीम वीडी

भोपाल. एक साल तक काटछांट के बाद बनी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की टीम को अब घर बैठने का मौका नहीं मिलेगा। खासकर नगरीय निकाय चुनावों तक सभी को संभाग और जिलों में लगातार दौरे करना होंगे। जिलों में भी बूथ स्तर तक अपनी पहुंच बनाकर पार्षद पद के दावेदारों की ताकत टटोलना होगी। दौरों के बाद सभी को लगातार अपनी रिपोर्ट भी प्रदेश नेतृत्व को सौंपना पड़ेगी। संभाग और जिलों का बंटवारा इसी माह कर दिया भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा की नव नियुक्त 40 सदस्यीय टीम के लिए इंदौर में हुई पहली बैठक कामकाज समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हुई है। इस जंबो टीम में अधिकांश पदाधिकारी पहली बार प्रदेश कार्यकारिणी से जुड़े हैं। पुराने चेहरों को भी प्रमोशन दिया गया है। बैठक में शामिल हुए प्रदेश के प्रभारी महासचिव मुरलीधर राव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संगठन के कार्यों को नई दिशा देने का काम किया। बैठक में सभी ने पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार बनवाने में संगठन की भूमिका पर जोर दिया।

कांग्रेस को बताया म्यूजियम वाली पार्टी

प्रदेश प्रभारी मरलीधर राव ने मीडिया से चर्चा में साफ कर दिया कि सिंधिया समर्थकों को संगठन में एडजस्ट नहीं किया जाएगा। सिंधिया समर्थकों के कारण मंत्रिमंडल में बिगड़े बैलेंस का दर्द जहां राव नहीं पा सके। वहीं कांग्रेस नेताओं पर भी सीधा वार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में शून्यता की ओर जा रही है और उसके नेता ही उसे म्यूजियम पार्टी बनाने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह देश विरोधी गतिविधियों में लगे लोगों और पत्थरबाजों के नेता हैं। पार्टी का अध्यक्ष कोई भी हो नेतृत्व दिग्विजय सिंह ही करते हैं। श्री राव ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है। चुनाव में जीत अब कांग्रेस के लिए मृगमरीचिका बन जाएगी और उसे अपना निशान भी ढूंढना पड़ेगा।

रोडमैप बनाकर हर बूथ तक पहुंचें : वीडी

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को नगरीय निकाय चुनावों में परचम लहराने का टारगेट सीधे तौर पर दिया गया। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को जिलों का प्रभार सौंपा जाएगा। सभी को लगातार दौरे कर महापौर, नगर पालिका अध्यक्षों के साथ ही वार्डों के दावेदारों की असलियत भी भांपना होगी। प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदा शर्मा ने सभी को निर्देश दिया कि नगरीय निकाय चुनाव हम पूरे आत्मविश्वास से लड़ेंगे। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी नया बेंच मार्क बनाएगी। भाजपा के सभी पदाधिकारी जिन्हें नई जिमेदारी मिली है, वह पार्टी को सशक्त बनाने के लिए रोड मैप बनाकर हर बूथ तक पहुंचने का काम करेंगे। प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका पर विचार किया गया है। जल्द ही पूरी टीम मैदान में नजर आएगी।